ताज लिटरेटर फेस्टिवल के तीसरे संस्करण के कैलेंडर का विमोचन शनिवार को जाने माने क्रिकेटर कपिल देव ने किया। उन्होंने कहा कि अपनी पहचान हम खुद ही बनाते हैं। फेस्टिवल भी इतिहास लिख रहा है। इसके पीछे साहित्य, कला और संस्कृति को सहेजने की जो सोच है, वह अद्भुत है। टीएलएफ से आने वाली पीढ़ी को बहुत कुछ सीखने को मिलेगा।
होटल क्लार्क शिराज में आयोजित समारोह में कपिल देव ने कहा कि लोग एक दूसरे से सीखकर ही आगे बढ़ते हैं। हरविजय सिंह वाहिया ने ताज लिटरेचर फेस्टिवल की जो सोच बनाई, वह आगे बढ़ रही है। आने वाली पीढ़ी को भारतीय सभ्यता और इतिहास की जानकारी से पता लगेगा कि क्या सही था, क्या गलत था। अच्छी सोच ही इंसान को आगे बढ़ाती है। आने वाले वक्त में टीएलएफ और अधिक ऊंचाईयों पर पहुंचेगा।
इसके पूर्व सपा नेता डा. सीपी राय ने कहा कि साहित्य समाज की तत्कालीन परिस्थितियों को दर्शाता है। हमारे यहां श्रीराम मर्यादा, श्रीकृष्ण प्रेम और भगवान शिव न्याय के प्रतीक हैं। टीएलएफ के निदेशक अशोक जैन सीए ने कहा कि नजीर, द्वारिका प्रसाद माहेश्वरी और गालिब की धरती पर ही साहित्य का उत्सव हो सकता है। निदेशक हरविजय सिंह वाहिया ने कहा कि जिस देश में क्रिकेट को धर्म के रूप में जाना जाता है, उस क्रिकेट को इतनी ऊंचाइयों तक पहुंचाने वाले कपिल देव ही हैं। कपिल देव ने वर्ल्ड कप जीतकर क्रिकेट के प्रति भारतवासियों की दीवानगी को चरम पर पहुंचाया। उद्योगपति पूरन डावर, निदेशक अतुल जैन, क्लार्क शिराज के एमडी रूपक गुप्ता, मैनेजर एमपी सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। संचालन संदेश जैन ने किया।
किताब काटूंगा नहीं, खोलूंगा
ताज लिटरेचर फेस्टिवल में कैलेंडर विमोचन के बाद किताबनुमा केक जिस पर टीएलएफ लिखा था, काटने के लिए लाया गया। कपिल देव से जब केक काटने का आग्रह किया गया तो उन्होंने किताब को काटने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि किताब को कैसे काट सकते हैं, लेकिन मैं इसके पेज खोलूंगा। इसके बाद उन्होंने केक को साइड से काटा। इस मौके पर वत्सला प्रभाकर, समी आगाई, इरफान सलीम, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान, संदीप अरोड़ा आदि मौजूद रहे।
सलाहकार समिति में शामिल कपिल
कपिल देव ताज लिटरेचर फेस्टिवल की सलाहकार समिति में शामिल हो गए हैं। उन्होंने कहा कि वह हर वक्त टीएलएफ के साथ हैं। साथ रहेंगेे।
होटल में चल रहीं तैयारियां
ताज लिटरेटर फेस्टिवल के लिए होटल क्लार्क शिराज में जोर-शोर से तैयारियां चल रही हैं। होटल के परिसर में विशाल वाटर प्रूफ पांडाल तैयार किया गया है। मंच और स्टाल्स के लिए भी काम चल रहा है। आयोजकों ने बताया कि जल्द ही पांडाल बनकर तैयार हो जाएगा। इसमें प्रदर्शनी और अन्य आकर्षण भी होंगे।