भोगांव (मैनपुरी)। लॉकडाउन के साथ ही पुलिस सख्त रुख अपना रही है। बुधवार को पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया जो कि शराब सप्लाई का ऑर्डर फोन पर लेता था। उसके कब्जे से मिलावटी शराब व यूरिया बरामद हुई। पुलिस ने धंधेबाज को जेल भेजा है।
लॉकडाउन की अवधि अब तीन मई तक की जा चुकी है। ऐसे में अवैध शराब का धंधा करने वालों में बेचैनी अधिक बढ़ गई है। पुलिस की सख्ती के बीच अवैध धंधा जारी रखने के लिए धंधेबाज अब नए-नए तरीके इस्तेमाल कर रहे हैं। बुधवार को थाना पुलिस ने रेलवे अंडरपास जमौरा के पास एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से मिलावटी शराब व 400 ग्राम यूरिया मिला। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विमलेश निवासी नगला मानसिंह बताया। बताया कि फोन पर ऑर्डर लेने के बाद वह शराब की सप्लाई करता है। पुलिस ने धंधेबाज के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने के बाद जेल भेजा।