इन्हीं वाहनों से हो रही थी शराब की तस्करी
- फोटो : अमर उजाला
कासगंज की सदर कोतवाली पुलिस ने होली पर जिले में खपाने के लिए राजस्थान से फलों की क्रेट के नीचे लाई जा रही नकली शराब की 185 पेटी बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत पुलिस ने 6 लाख 20 हजार रुपये बताई है। यह शराब राजस्थान के जयपुर से लोडर वाहन और स्कार्पियों से लाई गई थी। पुलिस ने लोडर वाहन एवं स्कार्पियो कार बरामद करके एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक फरार है।
एसपी सौरभ दीक्षित ने नकली शराब के मामले की जानकारी देते हुए बताया कि होली पर्व को लेकर जिले में अवैध शराब व शराब माफियाओं के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार की रात को सदर कोतवाली के इंस्पेक्टर वीपी गिरी को अवैध शराब के बारे में जानकारी मिली। इस जानकारी पर सदर कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम सक्रिय हो गई। शहर के नदरई तिराहे पर देर रात पुलिस ने चेकिंग करते हुए लोडर वाहन व स्कार्पियो को रोका। इस वाहन में 185 पेटी शराब रॉयल क्लासिक, व्हिस्की मेड इन राजस्थान मार्का बरामद की। इन पेटियों में 8880 क्वाटर पैक थे।
पुलिस ने बरामद शराब की कीमत 6 लाख 20 हजार रुपये बताई है। पुलिस ने एक आरोपी सीताराम निवासी पैंडीहारी थाना फुलेरा जयपुर राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को थाने ले जाकर पूछताछ की। बताया गया कि फल, सब्जी आदि की क्रेट गाड़ी में लादकर उसके नीचे शराब रखकर अलग-अलग स्थानों पर शराब की बिक्री की जाती है। होली पर शराब की मांग अधिक रहती है। इसलिए शराब लाई गई।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दूसरा युवक जितेंद्र यादव जिसका पता अज्ञात है वह फरार हो गया। एसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि अवैध शराब को लेकर अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस के साथ आबकारी विभाग की टीम को भी इस अभियान में जोड़ा गया है। गांव-गांव अभियान चलाकर अवैध शराब बनाने वालों के खिलाफ कार्रवाई होगी।