कासगंज। पुलिस ने अवैध शराब की भट्टी पर छापा मारकर शराब बनाते दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया है। उनके खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है। शनिवार की देर रात पुलिस को सूचना मिली की नगला सूखा में गोराहा नहर के किनारे अवैध शराब की भट्टी संचालित है। सूचना पर गोराहा चौकी इंचार्ज पुलिस टीम लेकर घटना स्थल पर पहुंच गए।
इस दौरान शराब भट्टी पर छापामार कार्रवाई की गई। पुलिस को देखकर शराब बनाने के दोनों आरोपी हरिवेंद्र और रमेश निवासी नगला सिताबी भागने लगे। पुलिस ने पीछा करके दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे आजीविका चलाने के लिए शराब बनाकर बेचते हैं। मौके से आठ लीटर अवैध शराब, बनाने के उपकरण भी बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी गोविंद वल्लभ शर्मा ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की गई है।