बेवर। न्यायालय से मुकदमा निस्तारण के बाद बृहस्पतिवार को मालखाने में जमा करीब एक करोड़ रुपये की शराब को नष्ट किया गया। इस कार्रवाई के दौरान एसडीएम और सीओ की मौजूदगी रही।
थाना पुलिस द्वारा विभिन्न कार्रवाई के दौरान पकड़ी गई अवैध शराब काफी समय से मालखाने में जमा थी। बृहस्पतिवार को न्यायालय ने 224 मामलों का निस्तारण करते हुए जब्त शराब को नष्ट करने के आदेश दिए गए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह सिरोही ने मामलों से संबंधितशराब को वाहनों में लदवाकर काली नदी के पास ले जाया गया।
एसडीएम सुधीर कुमार, सीओ भोगांव अमर बहादुर व पुलिस बल की मौजूदगी में शराब को जेसीबी से नष्ट कराने के बाद बड़ा गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। एसडीएम ने बताया कि करीब चार हजार लीटर शराब को नष्ट कराया गया है। जिसकी अनुमानित कीमत तकरीबन एक करोड़ रुपये है। सीओ ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा किसी भी कीमत पर नहीं होने दिया जाएगा।