आगरा के थाना बरहन क्षेत्र के गांव कुरगवां विद्युत सबस्टेशन पर तैनात संविदा कर्मी तेजवीर सिंह की बाइक का सोमवार को बरहन पुलिस ने चालान कर दिया। वह नगला सिरजी पर लाइन में आए फाल्ट को ठीक करने जा रहा था। विरोध में संविदाकर्मियों ने कुरगवां और अहारन फीडर की आपूर्ति बंद कर दी। इससे दो घंटे तक 25 से अधिक गांवों के लोग परेशान रहे।
संविदाकर्मी तेजवीर सिंह ने बताया कि फाल्ट ठीक करने जाते समय रास्ते में चौकी अहारन पुलिस ने उसे रोक लिया। पहचानपत्र दिखाने पर भी नहीं माने। कुछ देर बाद उसके मोबाइल पर एक हजार रुपए जुर्माने का मैसेज आ गया। उसने इसकी जानकारी अवर अभियंता हरिओम सिंह ने दी।
उन्होंने उच्चाधिकारियों के साथ थानाध्यक्ष को भी इससे अवगत कराया। वहीं पुलिस की इस कार्रवाई से गुस्साए संविदाकर्मियों ने कुरगवां और अहारन फीडर की सप्लाई बंद कर दी। जिसकी वजह से दोनों फीडर से जुड़े करीब 25 गांवों में अपराह्न तीन से शाम पांच बजे तक दो घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।