मैनपुरी। जिले के 60 विद्युत फीडरों में 70 से 80 प्रतिशत तक लाइनलॉस हो रहा है। सीधे विद्युत निदेशालय ने इन फीडरों को चिह्नित करके यहां लाइनलॉस कम करने के आदेश दिए हैं। अब विभाग ने उपभोक्ताओं से सहयोग मांगा है, ताकि लाइनलॉस को कम करने के साथ ही बिजली आपूर्ति बढ़ाई जा सके।
विद्युत निदेशालय ने लगातार बिजली विभाग से हाई लाइनलॉस वाले फीडरों की मॉनीटरिंग की जा रही है। जिले के फीडरों की मॉनीटरिंग में ऐसे 60 फीडर चिह्नित किए गए, जिन पर लाइनलॉस बहुत अधिक है। इन पर 70 से 80 प्रतिशत तक लाइनलॉस है। इसके बाद 30 फीडरों पर लाइनलॉस कम करने की जिम्मेदारी बिजली विभाग को और बाकी 30 फीडरों की जिम्मेदारी विजिलेंस को सौंपी गई थी।
एक माह से इसके लिए चेकिंग जारी है। कनेक्शन काटने के साथ ही बिजली चोरी करने वालों पर भी कार्रवाई हो रही है, लेकिन फिर भी कोई खास सुधार नहीं हो रहा है। ऐसे में अब बिजली विभाग के अधिकारियों ने जनता से सहयोग मांगा है। उन्होंने बिजली चोरी करने वाले लोगों की सूचना उपलब्ध कराने की अपील की है। इसमें शिकायतकर्ता का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।
फायदे भी गिना रहा बिजली विभाग
हाई लाइनलॉस वालों फीडरों में सुधार से उपभोक्ताओं को क्या लाभ होगा, इस बारे में भी विभाग उन्हें अवगत करा रहा है। बिजली विभाग के अनुसार अगर लाइनलॉस घटकर 15 प्रतिशत तक आ जाता है तो ग्रामीण हो या शहरी दोनों क्षेत्रों में 24 घंटे बिजली आपूर्ति दी जाएगी। इसके साथ ही ट्रांसफार्मर का लोड भी 40 प्रतिशत तक बढ़ा दिया जाएगा। इससे लो वोल्टेज व अन्य समस्याओं से भी निजात मिल जाएगी।
ये हैं हाई लाइनलॉस फीडर
जिले में कुल 60 हाई लाइनलॉस वाले फीडर हैं। इसमें लाखनमऊ, नगला मीर, बरहिया, मोहब्ब्तपुर, चिलौंसा, ऊंचा इस्लामाबाद, मनौना, नगला कंचन, सरैया, भैंसरोली, खिरना, भदेही, नरायनपुर, करहल टाउन, बुझिया, कुर्रा, गुलाबपुर, उसनीधा, सोनई, डालूपुर, बाकीपुर, सिमरऊ, दन्नाहार, जासमई, नगला केवल, नवाटेढ़ा, लेखराजपुर, सुल्तानपुर, कल्यानपुर, पॉवर हाउस,करहल रोड, नगला जुला, अरसारा, कैथोली, कुसमरा, अघार, किशनी काशीराम कॉलोनी, महिगवां, केशोपुर, छिनकौरा, आलीपुर खेड़ा, हन्नूखेड़ा, जैली, बरा, सहारा, परतापुर, तारापुर, विजयपुर, नगला प्रेमी, फूलपुरा, पतारा, सहन, राधानगर, करहल, मनौना, अंडनी, नगला बंशी, नौनेर, किशनपुर और रामपीछा फीडर शामिल हैं।
वर्जन
हाई लाइनलॉस वाले फीडरों को हर हाल में सुधारा जाएगा। जनता इसमें सहयोग करे तो बिजली आपूर्ति में भी सुधार होगा। अगर कहीं भी बिजली चोरी की जा रही है तो विभाग को तत्काल सूचना दें। रवि कुमार अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता विद्युत।