कोसीकलां (मथुरा)। बिजली विभाग ग्रामीणों के लिए एक ओर किसान आसान किस्त योजना चला रहा है, वहीं, ग्रामीणों से वसूली के लिए गांवों की बिजली गुल कर रहा है। धानौता बिजलीघर से पोषित होने वाले 14 गांवों की बिजली शुक्रवार को अधिकारियों ने गुल करा दी। जिससे ग्रामीण बिना बिजली के परेशान हैं।
बिजली विभाग ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं से वसूली के लिए योजना बना रहा है, लेकिन अधिकारी सरकारी योजनाओं को पलीता लगाने में लगे हैं। धानौता बिजलीघर से पोषित होने वाले गांव बरचावली, राजागढ़ी, भीकागढ़ी, रुपनगर, धानौता, बुद्धगढ़ी, फूलगढ़ी, खैरार आदि 14 गांवों में लगे ट्रांसफार्मरों से शुक्रवार को फेस खुलवाकर बिजली बंद करा दी।
ग्रामीणों का कहना था कि सोमवार को छह पोल गिर जाने से बृहस्पतिवार को बिजली शुरू हुई और शुक्रवार को बिजली बंद कर दी। इससे परेशान हैं। आरोप है कि अधिकारियों ने नलकूप की लाइन तो चालू कर रखी है, लेकिन ग्रामीण आबादी क्षेत्र की बिजली बंद करा दी है। जिससे पानी संकट पैदा हो गया है। एक्सईएन एनपी सिंह ने ग्रामीणों के आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि किसी भी गांव की कोई बिजली नहीं काटी गई है, अगर किसी गांव की बिजली खराब होगी तो सही करा दिया जाएगा।