करहल। औरैया का रहने वाला एक एलआईसी एजेंट बुधवार को बाइक से कैश जमा करने आ रहा था। तभी रास्ते में मिले एक शख्स ने लिफ्ट मांगी। बाइक पर बैठने के बाद एजेंट की जेब काटकर 90 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जनपद औरैया के मोहल्ला वेदनगर निवासी विनोद कुमार एलआईसी एजेंट है। बुधवार को किस्तों के 90 हजार रुपये जमा करने के लिए एलआईसी कार्यालय करहल आ रहा था। तभी रास्ते में गांव नवाटेढ़ा के पास सड़क किनारे खड़े एक व्यक्ति ने हाथ देकर गाड़ी रुकवा लिया। विनोद ने बाइक रोकी तो उक्त शख्स ने कुछ दूर तक छोड़ने की बात कही, जिस पर विनोद उसे बाइक पर बैठाकर आगे चल दिया। गांव कंचनपुर के पास पीछे बैठे शख्स ने बाइक रोकने के लिए कहा, जैसे ही बाइक रुकी पीछे बैठा शख्स तेजी के साथ एक अन्य बाइक पर बैठ कर भाग गया। विनोद ने जब अपनी जेब देखी तो वह कटी हुई थी। उसमें रखे 90 हजार रुपये चोरी हो गए थे। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है।