आगरा। डावर-चाहर क्रिकेट मैदान पर खेले जा रहे लीजेंड्स कप सीजन-1 में रविवार को जयपुर ईएनटी लीजेंड्स ने आगरा लीजेंड्स को एकतरफा अंदाज में हराया। वहीं दूसरे मुकाबले में कानपुर लीजेंड्स ने प्रयागराज लीजेंड्स को कड़े संघर्ष में मात दी। अब जयपुर और कानपुर टीमों के बीच फाइनल मैच खेला जाएगा।
आयोजन समिति से जुड़े डॉ. आलोक मित्तल ने बताया कि पहले मुकाबले में जयपुर ईएनटी लीजेंड्स ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट पर 280 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से रवि खत्री ने 61, डॉ. विकास गुप्ता ने 55 और कप्तान डॉ. अशोक ने नाबाद 53 रनों की पारियां खेलीं। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी आगरा लीजेंड्स की टीम दबाव में बिखर गई और 8 विकेट खोकर 168-8 रन ही बना सकी। जयपुर की ओर से डॉ. मनोज मीना ने घातक गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके और टीम को 112 रनों की बड़ी जीत दिलाई।
दूसरे मुकाबले में कानपुर और प्रयागराज के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। पहले बल्लेबाज़ी करते हुए कानपुर लीजेंड्स ने 162 रन बनाए, जिसमें चेतन ने शानदार 78 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करते हुए प्रयागराज लीजेंड्स ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरने से टीम 8 विकेट पर 150 रन तक ही पहुंच सकी। प्रयागराज की ओर से डॉ. अतुल ने 52 और अरुण तिवारी ने नाबाद 33 रनों का योगदान दिया। कानपुर की ओर से अनुराग राजौरिया ने 3 विकेट लेकर जीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस दौरान आयोजन सचिव डॉ. संदीप फौजदार, चेयरमैन डॉ. राजीव पचौरी, डॉ. वीपी सिंह, डॉ. गौरव गुप्ता, डॉ. अशांक गुप्ता, डॉ. शिव शर्मा, डॉ. गौरव शर्मा, डॉ. राहुल सिंह, आशु यादव, डॉ. मनीष शर्मा, डॉ. मयंक महाजन और डॉ. हेमंत बंसल आदि मौजूद रहे।
लीजेंड्स कप सीजन-1