आरबीएस इंटर कॉलेज में यूपी पीजीटी की परीक्षा देकर केंद्र से बाहर निकलते परीक्षार्थी। अमर उजाला
आगरा। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज की ओर से प्रवक्ता के पदों के लिए लिखित परीक्षा शनिवार को विभिन्न केंद्रों पर आयोजित की गई। परीक्षा के पहले दिन जिले के परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की उपस्थिति काफी कम रही। आधे से अधिक पंजीकृत परीक्षार्थियों ने परीक्षा से किनारा कर लिया।
जिले में कुल 14 परीक्षा केंद्र निर्धारित थे। आंकड़ों के अनुसार प्रथम पाली की परीक्षा के लिए कुल 5808 पंजीकृत अभ्यर्थी में से केवल 1786 अभ्यर्थी ही परीक्षा देने केंद्र पर पहुंचे। दूसरी पाली की परीक्षा में कुल 5032 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से मात्र 1564 परीक्षार्थी शामिल हुए और 3468 अभ्यर्थी अनुपस्थित पाए गए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे और प्रत्येक केंद्र की गतिविधियों की सघन निगरानी की गई। अभ्यर्थियों की इस भारी अनुपस्थिति के बावजूद प्रशासन और शिक्षा विभाग परीक्षा को सफलतापूर्वक आयोजित कराने में जुटा रहा। आयोग के कार्यक्रम के अनुसार रविवार को भी परीक्षा होगी।