यमुना को घाटों पर लाया जाए, पार्षद ने की मांग
मथुरा। सांसद हेमा मालिनी के आवास पर यमुना के प्रदूषण को लेकर पार्षद मीरा मित्तल ने चर्चा की। बताया कि यमुनाजी के गर्भ में टनों कचरा डालकर पौराणिक महत्व के घाटों से यमुना को बहुत दूर कर दिया गया है।
पार्षद ने मांग की कि पुराने घाटों पर यमुना नदी प्रवाहित होनी चाहिए। इस संबंध में सांसद को एक ज्ञापन भी सौंपा गया। सांसद ने आश्वासन दिया है कि केंद्र सरकार से यमुना शुद्धिकरण पर बात की जाएगी। पार्षद दल के नेता राजेश सिंह पिंटू, भाजपा नेता योगेश आवा और मुरारीलाल मित्तल मौजूद रहे।
यमुना की दुर्दशा से संबंधित पीएम के नाम ज्ञापन
यमुना जल प्रदूषण मुक्ति मंच द्वारा मंगलवार को प्रधानमंत्री के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी मथुरा की अनुपस्थिति में एसडीएम सुरेशचंद्र को सौंपा गया। जिसमें यमुना जल शुद्धीकरण व प्रदूषण मुक्ति से संबंधित मांगें रखी गईं। मांगपत्र में वर्तमान में यमुना की दुर्दशा वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया है।
संस्था के अमित भारद्वाज ने बताया कि मंच की मांग है कि 22 किलोमीटर के क्षेत्र में नालों को डायवर्ट किया जाए और हथनी कुंड ब्रज में यमुना जल भेजा जाए। इसके अलावा स्थानीय गोकुल बैराज से प्रदूषित जल को शुद्ध करके पीने के जल की सप्लाई की जा रही है, जिससे त्वचा संबंधी रोग और कैंसर की बीमारियां बढ़ रही हैं।