लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर की जेल में मौत के मामले में दो दिन बाद भी केस दर्ज नहीं हो सका है। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया है कि पुलिस दबाव में काम कर रही है। उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
आगरा जिला जेल में धोखाधड़ी के आरोप में निरुद्ध लेफ्टिनेंट कर्नल विजय तोमर की जेल में मौत के मामले में दो दिन बाद भी केस दर्ज नहीं हो सका है। परिजन का आरोप है कि पुलिस लीपापोती करना चाहती है।
विज्ञापन
मान विहार कॉलोनी, शमसाबाद रोड के रहने वाले विजय तोमर (60) की मंगलवार को जिला जेल में मौत हो गई थी। वह 3 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में निरुद्ध थे। परिजन का आरोप है कि विजय तोमर की मौत जेल प्रशासन की लापरवाही से हुई है। उन्हें कोई बीमारी नहीं थी, जबकि जेल प्रशासन उन्हें उच्च रक्तचाप का मरीज बता रहा है।
परिजन ने थाना हरीपर्वत में जेल प्रशासन के खिलाफ तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की थी। अब तक केस दर्ज नहीं हो सका है। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। परिजन का आरोप है कि दबाव में पुलिस केस दर्ज नहीं कर रही है।