फिरोजाबाद में थाना मटसेना क्षेत्र के गांव बजीरपुर जेहलपुर में मारपीट के मामले में अधिवक्ता को हिरासत में लेना पुलिस को महंगा पड़ गया। कई अधिवक्ता बार महासचिव नाहर सिंह यादव एडवोकेट के नेतृत्व में मुख्यालय चौकी पहुंचे और अधिवक्ता को चौकी से अपने साथ ले गए।
थाना मटसेना क्षेत्र के ग्राम बजीरपुर जेहलपुर निवासी कन्ही लाल पुत्र ज्ञानसिंह एवं पुरुषोत्तम पुत्र भगवान सिंह के बीच खूंटा गाड़ने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान गुड़ फोड़ने वाली कील मारने से कन्हीराम घायल हो गया।
सूचना पर पुलिस पहुंची और वकील पुरुषोत्तम को हिरासत में लेकर चौकी आ गई। घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया। पुरुषोत्तम जिला न्यायालय में अधिवक्ता हैं। जानकारी होते ही बार एसोसिएशन के महासचिव नाहर सिंह यादव एडवोकेट के नेतृत्व में अधिवक्ता लामबंद होकर जिला मुख्यालय पुलिस चौकी पर पहुंचे।