मथुरा। पत्रकारों से वार्ता करते हुए कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण।
- फोटो : KOSI
कोसीकलां (मथुरा)। भूमि पूजन के दिन अयोध्या की तरह पूरे ब्रज क्षेत्र को भगवामय करने की तैयारी चल रही है। शहर से लेकर गांव तक घर-घर दीपक जलाए जाएंगे। इसमें विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल, आरएसएस एवं भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता जुट गए हैं। जनप्रतिनिधि भी पीछे नहीं हैं।
सोमवार को पूर्व एमएलसी लेखराज चौधरी के निवास पर पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक चौधरी लक्ष्मीनारायण ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से श्रीकृष्ण की नगरी का गहरा एवं मजबूत नाता है। आज जब अयोध्या में भूमि पूजन होने जा रहा है तो खुशी होना स्वाभाविक है। इस खुशी को प्रकट करने के लिए पांच अगस्त को क्षेत्र में घर-घर दीपक जलेंगे और छतों पर लोग भगवा ध्वज लगाएंगे। पूरा ब्रज क्षेत्र भी अयोध्या की तरह भगवामय होगा। उन्होंने कहा कि महामारी का समय नहीं होता तो यहां से हजारों की संख्या में लोग अयोध्या पहुंचते। एक अलग ही नजारा होता। कैबिनेट मंत्री ने सामाजिक दूरी बनाए रखते हुए ब्रज के सभी साधु-संतों, मंदिरों के महंतों से चार एवं पांच अगस्त को दीप, रंग बिरंगी लाइट जलाकर दीपावली मनाने का आह्वान किया है।
रामलीला संस्थान के अध्यक्ष राहुल जैन कामियां ने सभी नगरवासियों से 5 अगस्त को सामाजिक दूरी का पालन करते हुए दीपदान करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि लोग घरों की छतों को दीपक से सजाएंगे। गली, मोहल्लों एवं मंदिरों को दीपमालाओं से सुशोभित करेंगे।