आगरा में जमीन के नाम पर व्यक्ति से बड़ी धोखाधड़ी की गई। एक करोड़ रुपये की जमीन को खुद का बताकर सौदा तय किया गया। 26.70 लाख रुपये एडवांस ले लिए गए। बाद में पता चला कि जिसने इस जमीन का सौदा किया, वो किसी और की है।
आगरा के ताजगंज क्षेत्र में एक व्यक्ति ने दूसरे की जमीन को अपने बताकर एक करोड़ में साैदा तय किया। एडवांस में 26.70 लाख रुपये ले लिए मगर बैनामा नहीं किया। इस पर पीड़ित ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने मारपीट की। पुलिस ने सुनवाई नहीं की तो पीड़ित ने कोर्ट की शरण ली। मामले में कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
सिकंदरा के गैलाना निवासी पवन कुमार ने कोर्ट में प्रार्थनापत्र देकर बताया कि ताजगंज के डायनमिक गुलमोहर निवासी देवेश शुक्ला ने ताजगंज क्षेत्र में एक जमीन दिखाई। पसंद आने पर एक करोड़ रुपये में साैदा तय किया। एडवांस के रूप में पांच लाख रुपये चेक से और तीन लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए, जबकि 18.70 लाख रुपये कैश दिया। देवेश शुक्ला से जमीन का बैनामा करने के लिए कहा मगर वो टालमटोल करता रहा। उन्होंने जमीन की जांच की तो पता चला कि जमीन प्रबल प्रताप के नाम है, जबकि पहले देवेश शुक्ला ने खुद को जमीन का मालिक बताया था।
आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर 2 मई को देवेश शुक्ला ने फोन करके पवन को अपने घर बुलाया। वहां पहुंचने पर अपने 4-5 साथियों के साथ मारपीट कर दी। जातिसूचक शब्द कहे। पीड़ित का कहना है कि कुछ लोगों ने आकर बचाया। उन्हें लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
विज्ञापन
कोर्ट के आदेश पर देवेश शुक्ला, आलमगंज निवासी प्रबल प्रताप सिंह चाैहान, ताजगंज निवासी मुफीद अहमद और 4-5 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। डीसीपी सिटी सोनम कुमार का कहना है कि केस में साक्ष्य संकलन किया जाएगा। इसके बाद ही कार्रवाई होगी।