भोगांव। तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत अहिरवा में शनिवार को राजस्व विभाग की टीम सरकारी भूमि की पैमाइश करने पहुंची। नक्शे के अनुसार पैमाइश करने पर सरकारी जमीन पर कहीं मकान बने मिले तो कहीं खेती की जा रही है। टीम अपनी रिपोर्ट उपजिलाधिकारी को सौंपेगी।
एक शिकायत के बाद जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत अहिरवा में सात सदस्यीय टीम बनाकर जांच के आदेश दिए थे। शनिवार को नायब तहसीलदार अनिल कुमार, कानूनगो रामस्वरूप यादव के साथ लेखपाल मुनेश चंद्र, प्रदीप सक्सेना, अवध बिहारी, अंकित राजपूत और सुमित गांव पहुंचे। उन्होंने ग्राम पंचायत में 25 बीघा भूमि की पैमाइश की।
इस दौरान डेढ़ दर्जन मकान सरकारी जमीन पर बने मिले। अन्य में खेती की जा रही है। टीम ने पैमाइश के बाद उप जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी है। उन्होंने बताया कि जमीन को खाली कराने के लिए पूर्व में ही नोटिस दिए जा चुके हैं। गांव में पैमाइश के बाद खलबली मच गई है। लोगों को डर है कि कहीं उनके मकान न गिरा दिए जाएं।
इनके नाम आए सामने
जांच में पता चला कि गांव निवासी गुलाब सिंह, नवासे सिंह, प्रदीप शर्मा, देवेंद्र सिंह समेत 18 लोगों ने सरकारी जमीन पर अपना मकान बना रखा है। इसके अलावा रामचंद्र, महाराम, जोगेंद्र, शिवेंद्र मोहन, गुलाम मोहम्मद, असरफ खां, अख्तर अली समेत 24 लोगों ने जमीन पर कब्जा कर फसल की बुवाई की है।