आगरा के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में शुक्रवार की रात ग्राम अरहेरा में चोरों द्वारा तीन घरों को निशाना बनाते हुए नकदी सहित लाखों रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए। परिवार के सदस्य बाहर आंगन में सोते रहे। चोरों ने कमरों में ताला चटका कर अलमारी बक्सों संदूको से लाखों रुपए के जेवरात चुरा लिए। सुबह जागने पर परिवारों में हड़कंप मच गया।
अरहेरा निवासी वासुदेव पुत्र हिम्मत सिंह, लोकेंद्र पुत्र हिम्मत सिंह दोनों भाइयों के घरों में अलमारी में रखे सोने चांदी के आभूषण चोरों ने चुरा लिए। पास में ही रामनरेश पुत्र महिलाल के अलमारी के लॉकर तोड़ दिए तथा सोने चांदी के आभूषण तथा उसकी पुत्री करिश्मा की गोद भराई में आई हुई सोने की अंगूठी,पायल और वासुदेव द्वारा घरेलू काम से लगभग दो लाख नगद निकालकर ले गए।
सुबह होने पर परिवार की सदस्य जागे तो उन्होंने कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अलमारी का सामान घर में बिखरा पड़ा हुआ था। कुछ छोटे संदूक सूटकेस छत के ऊपर उठा ले गए और आराम से सोने चांदी के आभूषण एकत्र किए। कुछ बक्सों को खेतों में फेंकने की भी सूचना प्राप्त हुई है। थाना पुलिस को सूचना पर प्रभारी निरीक्षक आनंद वीरसिंह ,सब इंस्पेक्टर अनुज शर्मा, उमराव ,रजनीश सहित काफी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया तथा सीसीटी वी कैमरा को खंगाला गया। ग्राम पंचायत अरहेरा निवासी सरपंच हरिप्रसाद चौधरी तथा पूर्व प्रधान कालू द्वारा बताया गया कि लगभग तीन घरों में 12लाख रुपए कीमत के आभूषण तथा नदी की चोरी हुई है। इस चोरी से पूर्व चोरों ने ग्राम रोझोली ,डाबर, भोपुर में भी घरों को निशाना बनाया। चोरों का अभी तक कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लग सका है।