टूंडला के गांव गढ़ी जाफर में चोरों द्वारा तोड़ी गई अलमारी
- फोटो : TUNDLA
टूंडला। थाना क्षेत्र के गांव गढ़ी जाफर में चोरों ने दिनदहाड़े चार घरों के ताले तोड़ दिए। चोर घरों से लाखों के आभूषण और हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। घटना के समय सभी लोग गांव में आयोजित भागवत कथा में भाग लेने गए थे। पीड़ितों ने तहरीर दी है।
थाना टूंडला के गांव गढ़ी जाफर में उमेश यादव प्रधान के घर में भागवत कथा का आयोजन किया जा रहा है। सोमवार को गांव के लोग घरों के ताले लगाकर भागवत कथा में गए थे। तभी चोर सीआरपीएफ मथुरा में तैनात अशोक कुमार के घर में घुस गए। अलमारी के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और और 21 हजार रुपये की नकदी ले गए।
इसके बाद चोरों ने कालीचरन के घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और 30 हजार की नकदी चोरी कर ली। चोरों ने जयवीर सिंह के घर से पांच हजार की नकदी और हजारों रुपये के आभूषण और भूपेंद्र के घर से भी हजारों रुपये का सामान ले गए। भागवत से लौटने पर पीड़ितों को घटना की जानकरी हो सकी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
पीड़ितों ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी है। सीओ देवेंद्र कुमार ने कहा कि चोरी की घटनाओं की जांच की जा रही है। मुकदमा दर्ज कर घटना का शीघ्र खुलासा किया जाएगा।