रोडवेज बस में मजदूर की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
गाजियाबाद से लौट रहा था घर, पुलिस ने कराया पोस्टमार्टम
संवाद न्यूज एजेंसी
बेवर। रविवार की रात पत्नी के साथ गाजियाबाद से लौटते समय एक मजदूर की रोडवेज बस में संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कह रही है।
थाना क्षेत्र के गांव मड़ईयन सकत बेवर निवासी गुरुवीर (28) गाजियाबाद में रह कर मजदूरी करता था। रविवार को वह पत्नी के साथ किदवई नगर डिपो कानपुर की रोडवेज बस से गांव वापस आ रहा था। सोमवार की सुबह बस जब भोगांव बस स्टैंड पर रुकी तो गुरुवीर ने दवा खाई और चाय पी। इसके बाद बस में आकर बैठ गया। बस कुछ ही दूर चली थी कि अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। पत्नी ने चालक परिचालक को बताया कि तो वह लोग बस लेकर सीएचसी बेवर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद गुरुवीर को मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही पत्नी रोने बिलखने लगी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक महाराज सिंह भाटी ने बताया कि मौत के समय पत्नी साथ में थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मृत्यु का कारण स्पष्ट हो सकेगी। इसके बाद पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।