आगरा के थाना लोहामंडी क्षेत्र में काम कर रहे मजदूर की चोट लगने से मौत हो गई। ठेकेदार उसे ऑटो रिक्शा से लेकर घर पहुंचा और नशे के कारण बेहोश होने की बात बताने के बाद छोड़कर चला गया। पिता ने थोड़ी देर बाद बेटे को देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस से शिकायत की। इसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में चोट से मौत की बात कही गई है। परिजनों का आरोप है पुलिस ने तहरीर के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की है।
मृतक के चचेरे भाई विक्रम निवासी अशोक नगर पुरानी आबादी लोहामंडी ने बताया कि भाई हरीबाबू (45) रंगाई-पुताई का काम करता था। रविवार को वह आवास विकास में काम पर गया था। दोपहर को ठेकेदार दीपक साथी के साथ हरीबाबू को नशे की हालत में बता कर घर छोड़ गया। बुजुर्ग पिता को 200 रुपये देकर बोला नशे में है थोड़ी देर में होश आ जाएगा। करीब एक घंटे बाद पिता ने भाई को देखा। उसके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सोमवार शाम पुलिस की मौजूदगी में युवक का दाह संस्कार कराया गया।
पुलिस पर ठेकेदार को बचाने की कोशिश का आरोप
मृतक के परिजन का आरोप है कि रविवार रात दस बजे उन्हें थाने बुलाया गया। रात 12 बजे तक बैठकर रखा। वहां ठेकेदार दीपक और निर्माण करा रहे मकान मालिक भी थे। उन पर समझौते का दबाव बनाया गया। उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया ।
शिकायत के आधार पर होगी कार्रवाई
एसीपी मयंक तिवारी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। रिपोर्ट आ गई है। परिजन की शिकायत के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।