मैनपुरी। कस्बा कुरावली में एक जगह के विवाद में एडीएम की ओर से यथास्थिति बनाए रखने के आदेश दिए गए। इसके बाद भी विपक्षी जगह पर तोड़फोड़ आदि कार्य कर रहे हैं। लेकिन थाना पुलिस काम को रुकवाने नहीं गई। एडीएम के आदेश को न मानने की शिकायत पीड़ित ने एसपी से की है। साथ ही जगह पर विपक्षियों की ओर से किए जा रहे काम को रुकवाने व विपक्षी पर आदेश के उल्लंघन पर कार्रवाई की मांग की है।
कुरावली निवासी विपिन कुमार ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। बताया कि एक विवादित जगह को लेकर देवेंद्र कुमार से अपर जिलाधिकारी न्यायालय में वाद चल रहा है। उक्त वाद में एडीएम न्यायालय ने मौके पर यथास्थिति बनाए रखे जाने के आदेश दिनांक 22 मई को दिए हैं। विपिन ने आदेश की कापी थाना पुलिस को भी दी। लेकिन इसके बाद भी विपक्षी दुकान पर बने गेट, दुकान पर जाने वाले जीना को तोड़ रहे हैं। एक लिंटर होने की वजह से उनकी दुकान भी क्षतिग्रस्त हो रही है। दुकान कभी भी गिर सकती है। आदेश के बाद भी थाना पुलिस वहां चल रहे काम को पुलिस ने नहीं रुकवाया। पीड़ित ने एडीएम के आदेश का अनुपालन कराने व उल्लंघन करने वाले विपक्षियों पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने बताया कि एक पक्ष उनके पास आया था, स्थगन आदेश की जानकारी नहीं है। यदि कोई आदेश है तो उसका पालन कराया जाएगा।