मैनपुरी। महाराज तेजसिंह जयंती पर नगर के क्रिश्चियन मैदान में सभा का आयोजन हुआ। सभा में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैसरगंज के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज का गौरवशाली इतिहास रहा है। उन्होंने जिले के लोगों से अपील की कि अपने बच्चों को आगे बढ़ाने के अच्छी शिक्षा और संस्कार दिलाएं।
उन्होंने कहा कि दुनिया में कोई ऐसी जाति नहीं है जिसने अपने देश की रक्षा के प्राणों की आहुति न दी हो। इनमें सबसे पहले नाम क्षत्रिय समाज का आता है। हमारे समाज के महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज सिंह चौहान सहित अनगिनत वीर बलिदानियों के साथ हमारा इतिहास लिखकर चंदबरदाई भी अमर हो गए। बृजभूषण सिंह मेहनत की दम पर ही खुद को छह बार सांसद बने, एक बार पत्नी और अभी अभी एक पुत्र सांसद तो दूसरा पुत्र विधायक है। इस दौरान समाज के लोगों ने पूर्व सांसद का बड़ी माला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
जनसभा कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि मनोज चौहान और समीक्षा सिंह चौहान ने एक से बढ़कर एक काव्य पाठ कर समाज के लोगों को भाव विभोर कर दिया। इससे पहले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं के अलावा जनप्रतिनिधियों को प्रमाण पत्र और मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
इस मौके पर जयपाल सिंह चौहान, राजपाल सिंह चौहान, शैलेंद्र सिंह चौहान, डाॅ. केके सिंह चौहान, डाॅ. बीके सिंह, ब्लाक प्रमुख मनेश सिंह चौहान, डाॅ. धीरेंद्र सिंह चौहान, शिवराज सिंह गौर, भाजपा जिलाध्यक्ष ममता राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष राहुल चतुर्वेदी, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आलोक गुप्ता, पूर्व पालिकाध्यक्ष साधना गुप्ता, सीमा चौहान, अमृता चौहान, कविता राठौर, विक्रम चौहान आदि मौजूद रहे।