मैनपुरी। शुक्रवार की रात कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती एक और संक्रमित ने दम तोड़ दिया। पिछले 24 घंटे में जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में 92 नए कोरोना संक्रमित मिले। इसके साथ संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9219 पहुंच गई है।
किशनी क्षेत्र के गांव चितायन निवासी ईश्वर दयाल की 55 वर्षीय पत्नी सीतारानी को कोरोना संक्रमित पाए जाने पर 11 मई कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार की रात उपचार के दौरान सीतारानी की कोविड अस्पताल में मौत हो गई। पिछले 24 घंटे में मैनपुरी विकास खंड में 57, किशनी में 11, बेवर में सात, कुरावली में छह, घिरोर में पांच, सुल्तानगंज में तीन, करहल में दो और जागीर में एक कोरोना संक्रमित मिला। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9219 पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को आठ कोरोना संक्रमितों को गंभीर हालत में कोविड लेवल टू अस्पताल में भर्ती कराया गया जबकि अन्य को होम आइसोलेट किया गया है। सीएमओ डॉ. एके पांडेय ने संक्रमितों के संपर्क में आने वालों की जांच कराए जाने के निर्देश दिए हैं।