कासगंज। सदर कोतवाली पुलिस एवं एसओजी पुलिस ने चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इन बदमाशों के पास से चोरी व लूट की पांच बाइकें और तीन मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। चारों बदमाशों का आपराधिक इतिहास है। चोरी, लूट, गैंगस्टर व अन्य धाराओं में आरोपियों पर मामले दर्ज हैं।
एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली निरीक्षक रामवकील सिंह एवं एसओजी प्रभारी विनय कुमार शर्मा ने मुखबिर की सूचना पर चार शातिर बदमाश मुकेश कुमार निवासी हिम्मतपुर सई, सोहेल निवासी मोहल्ला मोहन, विशाल निवासी ग्राम मीरापुर, दीपांशु निवासी मुंशीलाल पड़ाव को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी चेकिंग के दौरान की गई। इन बदमाशों के कब्जे से पांच चोरी व लूट की बाइकें व तीन फोन बरामद किए गए। एक बाइक 22 मई को जनपद एटा के थाना मिरहची क्षेत्र से लूटी गई थी। एक बाइक फरवरी माह में छर्रा बस स्टैंड से चोरी की गई थी। सभी बाइकों पर फर्जी नंबर प्लेट बदमाशों के द्वारा लगाई गईं। पुलिस ने बदमाशों के विरुद्ध मामला पंजीकृत कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।