टूंडला। टोल प्लाजा से होकर किसान यूनियन की गाड़ियों के निकलने पर हो रही अभद्रता को लेकर किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारियों ने रविवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने टोल पर प्रदर्शन करते हुए वाहनों की आवाजाही को भी प्रभावित किया। मौके पर पहुंचे सीओ व थाना पुलिस ने किसान नेताओं को समझाकर उन्हें शांत कराया।
रविवार सुबह 11.30 बजे करीब किसान यूनियन लोक शक्ति के पदाधिकारी जिलाध्यक्ष अजय राठौर के नेतृत्व में टूंडला टोल प्लाजा पर पहुंच गए। यहां उन्होंने हंगामा करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया। अचानक सैंकड़ों की संख्या में किसानों को देख टोलकर्मियों के भी होश उड़ गए। टोल प्रबंधक भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने किसान नेताओं को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। हंगामे की जानकारी मिलते ही सीओ अभिषेक श्रीवास्तव एवं इंस्पेक्टर केडी शर्मा भी मय फोर्स के मौके पर जा पहुंचे। जहां उन्होंने गुस्साए किसान नेताओं की समस्या को सुना।
किसान नेताओं ने बताया कि टोल से होकर गुजरने के दौरान उनकी गाड़ियों को रोककर टोलकर्मियों द्वारा आए दिन अभद्रता की जाती है। जबकि टोल प्लाजा किसानों की भूमि पर बना हुआ है। समस्या को सुनने के बाद टोल प्रबंधक को किसान नेताओं ने एक ज्ञापन सौंपा। टोल प्रबंधक संदीप कुमार ने किसान नेताओं को समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। तब कहीं जाकर किसानों ने टोल प्लाजा पर विरोध प्रदर्शन बंद किया। इस दौरान यूनियन नेताओं ने चेतावनी दी है कि अगर टोलकर्मियों का रवैया सही नहीं हुआ तो टोल प्लाजा पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा।