मैनपुरी। लॉकडाउन में ‘किसान रथ’ से अन्नदाता की फसल मंडी तक पहुंचेगी। गेहूं की कटाई और मड़ाई के बाद उपज हो मंडियों तक ले जाने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए ‘किसान रथ’ नाम से मोबाइल एप लांच किया गया है। इसके जरिए किसान अपने घर बैठे एप पर ट्रक, ट्रैक्टर और अन्य कृषि मशीनरी किराये पर बुला सकते हैं।
वर्तमान में गेहूं, जौ और सरसों की फसल तैयार हो चुकी है। किसान इस उपज को बेचना चाहते हैं, लेकिन लॉकडाउन के चलते उन्हें फसल मंडी तक पहुंचाने के लिए कोई साधन नहीं मिल रहा है। उनकी इस समस्या का समाधान केंद्र सरकार ने कर दिया है। इस एप पर अपने मोबाइल नंबर से पंजीकरण करने के बाद किसानों को बस एक क्लिक पर अपनी फसल को मंडी ले जाने के लिए वाहन उपलब्ध होगा। इस एप पर लाखों की संख्या में वाहन पंजीकृत हैं, जो किसानों की उपज को लेकर जाएंगे।
मशीनरी भी एक क्लिक पर होगी उपलब्ध
किसान रथ एप से केवल किसानों को अपनी उपज ही मंडियों तक पहुंचाने की राहत नहीं मिलेगी, बल्कि अन्य कृषि कार्यों में भी ये एप लाभकारी साबित होगा। खेतों की बुवाई, जोताई व अन्य कृषि कार्यों के लिए मशीनरी भी इस एप के माध्यम से बुक की जा सकेगी। कीमतें अधिक न हों, इसके लिए प्रशासन इस पर नजर बनाए रहेगा।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा किसान रथ एप की शुरुआत की गई है। अधिक से अधिक किसानों तक इसकी जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। किसान इस एप को डाउनलोड कर सुविधाओं का लाभ ले सकते हैं।
डॉ. जगदीश मिश्रा, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक।