पटियाली(कासगंज)। कोतवाली क्षेत्र के गांव अशोकपुर में सोमवार रात खेत की रखवाली कर रहे किसान की धारदार हथियार से प्रहार कर हत्या कर दी गई। किसान के भाई ने दो नामजदों पर हत्या की आशंका जाहिर करते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पटियाली क्षेत्र के गांव अशोकपुर निवासी बैंचे लाल (60) ने अपने खेत में अरबी की फसल की है। वह अरबी की फसल रखवाली के लिए खेत पर रहते थे। सोमवार की रात वे खेत पर बनी झोंपड़ी में सो रहे थे। मंगलवार सुबह अन्य किसान खेतों पर काम करने पहुंचे तो देखा कि झोंपड़ी में खून से लथपथ किसान का शव पड़ा हुआ है। अन्य किसानों ने परिजनों को सूचना दी। इधर, सूचना पर कोतवाली प्रभारी डीपी सिंह घटनास्थल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भाई रोहन सिंह ने गांव के ही चोब सिंह और जमादार पर हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस को बताया कि आरोपी और मृतक के खेत पास-पास हैं। मेड़ को लेकर कई बार विवाद हो चुका है। इसलिए हत्या की गई है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों नामजदों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच शुरू की है।