कासगंज। पटियाली तहसील क्षेत्र में खादर की जमीन पर दबंगों के अवैध कब्जे प्रशासन ने मुक्त कराए हैं। 20 हेक्टेयर क्षेत्रफल में खड़ी गेहूं की फसल पर कंबाइन मशीन चलवाकर गेहूं अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने 8 दबंगों के खिलाफ सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
अवैध कब्जे का यह मामला पटियाली क्षेत्र के गांव किसौल और ब्राहिमपुर का है। यहां ग्रामीण जबर सिंह, सुरेंद्र सिंह, चिंटू, बंटू, बृजेश, राकेश, प्रमोद, लटूरी ने खादर की जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया था। 20 हेक्टेयर जमीन पर गेहूं की फसल बो दी थी। अवैध कब्जा हटाओ अभियान के तहत प्रशासन ने सरकारी जमीन की तलाश शुरू की। इस अभियान के दौरान अवैध कब्जे का यह मामला सामने आया।
डीएम सीपी सिंह के निर्देश पर पटियाली एसडीएम रविंद्र कुमार, सीओ दीप कुमार पंत, गंजडुंडवारा और सुन्नगढ़ी थाना पुलिस के साथ खादर की जमीन पर पहुंचे। यहां कंबाइन मशीन चलवाई और फसल को जब्त कर लिया। साथ ही खादर की जमीन को कब्जा मुक्त कराते हुए राजस्व टीम से वहां चिह्निकरण करवा दिया। इधर पुलिस ने सभी 8 दबंगों के खिलाफ अवैध कब्जों का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जब्त गेहूं की होगी नीलामी
जो गेहूं खादर की जमीन से प्रशासन ने अपने कब्जे में लिया है उसकी नीलामी की जाएगी। तहसीलदार के नेतृत्व में नीलामी कमेटी बनेगी और मात्रा का आंकलन होगा। एसडीएम रविंद्र कुमार ने तहसीलदार को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं।
खादर की जमीन पर दबंगों ने अवैध रूप से कब्जा कर लिया था। मामला संज्ञान में आया तो अभियान चलाकर चिह्नांकन कराया गया और फिर खादर की जमीन पर अवैध रूप से तैयार की गई गेहूं की फसल जब्त कर ली गई है। -रविंद्र कुमार, एसडीएम पटियाली।
- राजस्व टीमें खादर की जमीन का चिह्नांकन कर रही हैं। जिस जमीन को कब्जा मुक्त कराया गया है उस पर 8 लोगों के कब्जे थे। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है। कार्रवाई की जा रही है। -दीपकुमार पंत, सीओ, पटियाली।