आलीपुर खेड़ा। विकास खंड सुल्तानगंज की क्षेत्रीय सहकारी समिति आलीपुर पट्टी में एक साल से खाद उपलब्ध नहीं है। इससे किसान परेशान हैं। कई बार ग्रामीणों ने खाद उपलब्ध कराने की मांग की, लेकिन अध्यक्ष और सचिव के बीच विवाद के चलते कोई सुनवाई नहीं हुई।
सहकारी समिति आलीपुर पट्टी से क्षेत्र के एक दर्जन गांवों के किसान खाद और बीज लेते हैं। कुछ किसान जहां नकद में खाद और बीज लेते हैं तो वहीं कुछ ऋण पर बीज लेते हैं। किसानों का कहना है कि बीते एक साल से समिति ने किसी को भी खाद उपलब्ध नहीं करा सकी हैं। इससे निजी दुकानदार मनमाने दामों पर यूरिया की बिक्री कर रहे हैं। कई बार किसानों ने इसके लिए मांग उठाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
किसानों का कहना है कि इसके पीछे समिति के सचिव और अध्यक्ष के बीच विवाद जिम्मेदार है। समिति के सचिव सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि ऋण सीमा पास न होने के कारण खाद प्राप्त नहीं हो पा रही है। क्योंकि समिति की ऋण सीमा पर अध्यक्ष हस्ताक्षर नहीं कर रहे हैं। इतना ही नहीं उन्होंने अध्यक्ष द्वारा अपने ज्वॉइनिंग लेटर पर भी हस्ताक्षर न करने की बात कही। वहीं समिति की अध्यक्ष निर्मला देवी लोधी का कहना है कि मुझे सूचना दिए बगैर ही प्रशासक चुन लिए गए हैं, सचिव द्वारा अपनी मनमानी की जा रही है। इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।
क्षेत्रीय किसानों ने जिलाधिकारी से समिति पर यूरिया उपलब्ध कराने की मांग की है। मांग करने वालों में अभिलाख राजपूत, होशियार सिंह, कालिका प्रसाद शाक्य, बालकराम शाक्य, रामविलास शाक्य, धनीराम राजपूत, सुधीर राजपूत, बदन सिंह लोधी, सुखवीर यादव, राजवीर यादव, मुलायम सिंह लोधी, रत्नेश शाक्य आदि शामिल हैं।