राज्यसभा सांसद ने जनसंपर्क कर लोगों से की अपील
आगरा। राज्यसभा सांसद नवीन जैन के नेतृत्व में चलाए जा रहे राष्ट्र प्रथम अभियान के दूसरे चरण के अंतर्गत बृहस्पतिवार को ताजनगरी के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों और चौराहों पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया गया। सांसद जैन ने बेलनगंज क्षेत्र में भैरों नाला स्थित जगन प्लाजा व पथवारी चौराहे पर प्रबुद्ध जनों तथा स्थानीय व्यापारियों के साथ बैठकें कीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वह राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ईंधन की बचत करें, सार्वजनिक परिवहन व कारपूलिंग को बढ़ावा दें और स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को धरातल पर मजबूत करें।
इस दौरान सांसद ने सार्वजनिक स्थलों पर घूम-घूम कर नागरिकों को प्रधानमंत्री के सात आह्वानाें से जुड़े पंपलेट भी वितरित किए। बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को राष्ट्रहित, स्वदेशी अपनाने, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सात राष्ट्रव्यापी आह्वानाें के प्रति जागरूक करना है। कहा कि इसे राजनीति से ऊपर उठकर देखा जाए और देश को सशक्त बनाने में प्रधानमंत्री का सहयोग करें। वहीं, दूसरी ओर भाजपा के युवा नेता वैभव जैन के नेतृत्व में सिकंदरा स्थित कारगिल चौराहे पर बड़ा अभियान चलाया गया। इसके अलावा छीपीटोला चौराहा, खंदारी चौराहा और कमला नगर मुख्य बाजार व अन्य जगह भी घर-घर जाकर राष्ट्र प्रथम का संदेश पहुंचाया गया। अभियान में संयोजक राहुल जैन, सह संयोजक अमित ग्वाला, राकेश जैन, दीपक जैन, पार्षद राहुल वैध, पंकज अग्रवाल, नागेश पंडित, संजय कप्तान, मुरारी लाल अग्रवाल, नीतीश भारद्वाज, सुषमा जैन, जयदीप सोनकर व अन्य शामिल रहे।