कासगंज। बैंकों द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिलाधिकारी ने सभी बैंकों के प्रबंधकों को पात्र किसानों के केसीसी 23 फरवरी तक बनाए जाने को निर्देशित किया है।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि किसानों ने यदि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त किया है, लेकिन किसान क्रेडिट कार्ड नहीं बनवाया है, तो अपनी जमीन से संबंधित कागजात लेकर नजदीकी बैंक से तुरंत संपर्क करें। समस्त बैंक 23 फरवरी तक विशेष अभियान चलाकर कार्ड बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की आय दोगुनी करने तथा कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना है। प्रत्येक दिन की प्रोग्रेस रिपोर्ट निर्धारित प्रोफार्मा पर अवश्य उपलब्ध कराएं। इस कार्य की शासन स्तर से निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है। जिला प्रबंधक महेश प्रकाश ने कहा कि जिन किसानों का केसीसी नहीं बना हैं वह बैंक से संपर्क करें।