कासगंज जिले के गांव भैंसरासी में नवविवाहित पति-पत्नी ने अलग-अलग जगहों पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला का शव मकान के कमरे में लटका मिला तो उसके पति का शव गांव के बाहर। पति ने बाइक के ब्रेक लीवर की वायर से फांसी लगाकर जान दी। दंपती की मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
थाना पटियाली क्षेत्र के गांव भैंसरासी निवासी 25 वर्षीय राजीव और 22 वर्षीय रिंकी की शादी छह माह पूर्व हुई थी। राजीव दिल्ली में नौकरी करता था। पत्नी गांव में रहती थी। पति दिल्ली से 11 वर्षीय भाई को लेकर रक्षाबंधन पर बाइक से गांव आया था। त्योहार के बाद मंगलवार को वो वापस दिल्ली चला गया। रिंकी ने दिल्ली जाने की जिद की, लेकिन वो उसे नहीं ले गया था।
उसने पत्नी को भरोसा दिया था कि जन्माष्टमी पर वो फिर दिल्ली से आएगा तभी ले चलेगा, लेकिन रिंकी अपनी जिद पर अड़ी रही। पति दिल्ली चला गया और रिंकी घर पर ही रही। मंगलवार की शाम रिंकी ने अपने कमरे में पंखे से लटककर आत्महत्या कर ली। रात में जब परिजनों ने रिंकी को आवाज दी तो उसने कोई उत्तर नहीं दिया।