कासगंज। कुंभ में व्यवस्था बनाने के लिए कासगंज डिपो के अधिकारियों को प्रयागराज बुलाया गया है। श्रद्धालुओं को परिवहन निगम की बेहतर सुवधिाएं उपलब्ध हो इसके लिए एआरएम सहित दो बाबुओं की शासन के निर्देशन पर ड्यूटियां लगाई हैं। वहीं 23 बसें पहले से ही कुंभ में जा चुकी है। बसों के चले जाने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रयागराज कुंभ में स्नान के लिए बढ़ती भीड़ के दृष्टिगत परिवहन की बेहतर व्यवस्था बनाने के लिए डिपो के अधिकारी व कर्मचारियों की प्रयागराज में ड्यूटी में लगाई हैं। पिछले सप्ताह निगम के काेऑर्डिनेटर रिषी दीक्षित व लिपिक नारायण को बुलाया गया था। परिवहन निगम की व्यवस्थाएं और बेहतर रहें, इसके लिए अब निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक (एआरएम) की ड्यूटी भी कुंभ में लगाई है। इधर 23 बसें कुंभ मेले में चले जाने से स्थानीय यात्रियों के अलावा बाहरी यात्रियों को दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है। उन्हें मथुरा, हाथरस, नोएडा मार्ग पर बसें नहीं मिल रही हैं। यात्री बसों का इंतजार कई घंटे तक करते हैं।