कछला घाट पर पुलिस कर्मियों के साथ मौजूद लापता युवक के परिजन।
- फोटो : संवाद
कासगंज। कछला गंगाघाट पर स्नान करते समय दो साथी श्रद्धालु गंगा में गहरे पानी में डूबकर लापता हो गए। एक श्रद्धालु अपना बचाव करने में सफल हो गया, जबकि दूसरा अभी लापता है। बदायूं पुलिस एवं प्रशासन लापता श्रद्धालु की गोताखोरों से तलाश करा रहे हैं।
मंगलवार को सोमवती अमावस्या का पर्व पर सोरोंजी मल्लाहनगर क्षेत्र से तीन दोस्त श्रद्धालु गंगास्नान करने पहुंचे थे। तीनों पहले गुरुबाबा हनुमानदास के आश्रम पर गए और इसके बाद वह गंगास्नान करने गए। गंगास्नान के दौरान धर्मेन्द्र (18) पुत्र श्रीकृष्ण व सूरज (20) पुत्र लालचंद कछला के रेल पुल के समीप गंगास्नान कर रहे थे। उनका तीसरा साथी कुछ सामान खरीदने गया था। डूबने पर धर्मेंद्र व सूरज ने चीखपुकार मचा दी। सूरज हाथ पैर मारते हुए बचाव करने लगा और वह बचाव में सफल हो गया। जबकि धर्मेंद्र गहरे पानी में डूबकर लापता हो गया। हादसे की जानकारी कछला चौकी पुलिस को दी। गंगाघाट के नाविक व गोताखोर अरविंद कश्यप, सोना कश्यप, गोविंद, सुधीश, मोहित कश्यप, नन्हे कश्यप, रेफरी आदि ने चैन बनाकर युवक की तलाश शुरू की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बदायूं की प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। शाम तक युवक की तलाश की जा रही थी।