सहावर। गांव जमालपुर में पेट्रोल पंप के पास मंगलवार की रात दो बाइकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइकों के परखच्चे उड़ गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गांव ताली निवासी योगेश (18) मंगलवार की रात बाइक से जा रहे थे। गांव जमालपुर में पेट्रोल पंप के पास उनकी बाइक में सामने से आ रही दूसरी बाइक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि योगेश की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, गांव ताली निवासी नन्हे, विकास और प्रदीप गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से घायल विकास और प्रदीप को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। थाना प्रभारी चमन कुमार गोस्वामी सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तीन अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। योगेश की मौत की खबर परिजनों को दे दी गई है।