कासगंज। शहर में यातायात के नियमों का उल्लंघन करना 189 वाहन चालकों को महंगा पड़ गया। चालकों का यातायात पुलिस ने चालान कर 3 लाख 71500 रुपये ऑनलाइन जमा कराए। शराब पीकर ई-रिक्शा चलाने पर वाहन सीज कर दिए।
यातायात प्रभारी ने बृहस्पतिवार को राजकोल्ड तिराहा, अमांपुर रोड, मंडी मार्ग, बाईपास मार्ग, बिलराम गेट, बस स्टैंड, माल गोदाम चौराहा, गांधी मूर्ति चौराहा सहित अन्य स्थानों पर वाहन चेकिंग की। इस दौरान विपरीत दिशा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने, दो पहिया वाहन पर तीन सवारी, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट के चार पहिया वाहन चलाने पर, क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर वाहन चलाने पर चालान किए गए। स्टैंड के बाहर अनाधिकृत रूप से खड़ी रोडवेज बसों के चालान किए गए। ई-रिक्शा चालकों को बताया गया कि ई-रिक्शा में सरिया एवं एंगल लेकर न जाएं। सीओ यातायात अमित कुमार ने बताया कि 189 वाहनों के चालान कर उनसे ऑनलाइन 371500 रुपये ऑनलाइन शमन शुल्क के रूप में जमा कराया।