आगरा में राजकीय रेलवे पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर भीड़ का फायदा उठाकर महिलाओं के आभूषण चोरी करने वाली आरोपी महिला व दो पुरुष को गिरफ्तार किया है। आगरा कैंट पुलिस को इनके पास से चोरी किए गए आभूषण बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।
जीआरपी आगरा कैंट प्रभारी विकास सक्सेना ने बताया कि 3 जुलाई को जाैनपुर के सतीश कुमार पत्नी और बच्चों के साथ वंदे भारत ट्रेन से वाराणसी से रेलवे स्टेशन आगरा कैंट पर उतरे। घर पर जाकर उनकी पत्नी ने पर्स को चेक किया तो पर्स में सोने की चेन, कान की झाली दो जोड़ी, कान की बाली, सोने का लॉकेट, चांदी की पायल व 2,600 रुपये नहीं मिले।
इसके बाद पीड़ित की सूचना पर केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई। इसके बाद मुखबिर की सूचना के आधार पर कैंट स्टेशन के कुली विश्राम गृह के पास एक महिला व दो पुरुष को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से संबंधित आभूषण बरामद हुए। गिरफ्तार किए गए आरोपी निशा और अर्जुन नई दिल्ली के निवासी हैं और अजय पानीपत का निवासी है।