संवाद न्यूज एजेंसी
अमांपुर। ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से एक युवक ने पत्नी को बीमार बताकर 88 हजार रुपये ठग लिए। जब पीड़ित को पता चला कि युवक की पत्नी बीमार नहीं है तो उसके घर पहुंच गया। इस दौरान उसे पता चला कि रुपये ठगने के बाद से वह घर से गायब है। उसने कई अन्य लोगों से भी इसी तरह ठगी की है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपी के खिलाफ शिकायत की है।
इंद्रानगर निवासी शीलेंद्र कुमार अमांपुर में ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। उन्होंने बताया कि ददवारा निवासी एक युवक उनकी दुकान पर अक्सर अपनी पत्नी के खाते में रुपये डलवाने और निकलवाने आता था। इस दौरान उससे जान पहचान हो गई। 24 जुलाई को उनके पास युवक की कॉल आई। उसने बताया कि उसकी पत्नी की तबीयत बहुत खराब है। उसे अलीगढ़ के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। उसके इलाज के लिए तुरंत रुपयों की जरूरत है।
वह 15 दिन में वापस आकर रुपये लौटा देगा। शीलेंद्र को झांसे में लेकर आरोपी युवक ने क्यूआर कोड भेजकर कई खातों में 88,700 रुपये ट्रांसफर करा लिए। बीती 10 अगस्त को शीलेंद्र को पता चला कि युवक की पत्नी बीमार नहीं है। वह घर पर ही है। तब शीलेंद्र को ठगी का अहसास हुआ। वह कई लोगों से इसी तरह पहले भी ठगी कर चुका है।
शीलेंद्र से रुपये लेने के बाद से आरोपी घर से गायब है। शीलेंद्र ने घर जाकर रुपये वापस मांगे तो आरोपी ने कॉल करके जान से मारने की धमकी दी है।
शीलेंद्र का आरोप है कि युवक शातिर साइबर ठग है, जो लोगों को अपने झांसे में लेकर ठगी करता है। शीलेंद्र का कहना है कि थाने में तहरीर दी तो उन्होंने साइबर थाने जाकर शिकायत करने को कह दिया। मामले में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई है।