कासगंज। जिला पंचायत अध्यक्ष चुनाव के लिए कासगंज विकास मंच की निर्दलीय प्रत्याशी रतनेश कश्यप पत्नी बौबी कश्यप को भारतीय जनता पार्टी ने समर्थन दे दिया है। जिलाध्यक्ष ने प्रेसवार्ता कर समर्थन की घोषणा कर पत्र भी प्रत्याशी को सौंप दिया है।
भाजपा के जिला कार्यालय पर पत्रकारों से वार्ता करते हुए जिलाध्यक्ष केपी सिंह सोलंकी ने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भाजपा की अहम भूमिका रहेगी। कासगंज विकासमंच की निर्दलीय प्रत्याशी रतनेश कश्यप साफ सुथरी छवि की प्रत्याशी हैं। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी उनका समर्थन करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा समर्थित 5 जिला पंचायत सदस्य हैं। यह सभी रतनेश कश्यप के समर्थन में हैं। पार्टी ने विकास के उद्देश्य से निर्दलीय प्रत्याशी का समर्थन किया है।
निर्दलीय प्रत्याशी रतनेश ने कहा कि उनके समर्थन में अब तक 15 सदस्य आ चुके हैं। हालांकि किसी भी सदस्य के नाम अभी नहीं बताएंगे। उन्होंने कहा कि हमने उद्देश्य तय किया है कि जिला पंचायत अध्यक्ष पद का चुनाव जीतने के बाद जिला पंचायत को भ्रष्टाचार से मुक्त करेंगे। समर्थन करने वाले सदस्य जो उम्मीद जता रहे हैं उनकी उम्मीदों पर पूरा खरा उतरेंगे। इस दौरान भाजपा नेता श्यामसुंदर गुप्ता, राजवीर सिंह भल्ला, सत्येंद्र कश्यप, बौबी कश्यप, मौजूद रहे।