फोटो06मृतक महिला ऊषादेवी का फाइल फोटो।
कासगंज। ढोलना क्षेत्र में अथैया चौराहे के पास शनिवार की देर शाम बुखार से पीड़ित एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। परिजन ने उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
गांव राजपुर निवासी ऊषा देवी (30) पत्नी तिरमल सिंह तीन दिन से बुखार से पीड़ित थी। अथैया चौराहा के पास एक निजी क्लीनिक पर उसका उपचार चल रहा था। महिला की हालत में सुधार न होने पर परिजनों ने उसे ग्रामीण चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। जहां शनिवार की देर शाम उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद ग्रामीण चिकित्सक मौके से भाग गए। परिजन ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजन ने महिला की मौत की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर ढोलना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने महिला की मौत के बारे में पूछताछ की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीएमओ डॉ. राजीव अग्रवाल ने बताया कि महिला की मौत के मामले में टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी। क्लीनिक का पंजीकरण न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
चार बच्चों के सिर से उठा मां का साया
बुखार से पीड़ित ऊषा देवी की मौत हो गई। मृतका के पति तिरमल सिंह ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं। इनमें तीन बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी पूनम (10), अनुष्का (8), राखी (5) और अभिषेक (7) का है। तिरमल सिंह ने बताया कि वह गांव में मजदूरी करके अपने परिवार का पालन पोषण करता है। पत्नी की मौत के बाद चारों बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।