कासगंज। यू -डायस प्लस पोर्टल पर शिक्षकों का डाटा अपलोड करने में विद्यालयों की लापरवाही सामने आई है। समय बीत जाने के डेढ़ माह बाद भी 32.15 प्रतिशत विद्यालयों का ही डाटा पूर्ण हुआ है। महानिदेशक स्कूल शिक्षा ने इस लापरवाही पर नाराजगी जाहिर की है।
शासन से माध्यमिक शिक्षा परिषद, बेसिक शिक्षा परिषद, सीबीएसई, संस्कृत बोर्ड के सभी विद्यालयों में तैनात शिक्षकों का डाटा यू-डायस प्लस पोर्टल पर अपलोड कराया जाता है। शिक्षासत्र 2025-26 का डाटा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए जून माह तक का समय दिया गया था। जिले में 2457 विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इनमें से अभी तक 790 विद्यालयों ने ही अपना डाटा पोर्टल पर अपलोड किया है। 1667 विद्यालयों का डाटा अपलोड होना शेष रह गया है। महानिदेशक कंचन शर्मा ने जिला विद्यालय निरीक्षक को शीघ्र डाटा पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रताप सिंह ने बताया कि सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को 23 अगस्त तक डाटा पूर्ण करने के निर्देश दे दिए गए हैं। डाटा पूरा न करने पर कार्रवाई की जाएगी।