कासगंज। जिले में कोरोना संक्रमितों की लगातार मौतें हो रही हैं। बृहस्पतिवार को भी दो कोरोना संक्रमित महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हो गई। महामारी से अब तक 111 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं जिले में 15 नए संक्रमित मिले हैं।
कोरोना की दूसरी लहर के बाद जिला में शुरू हुआ मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। नगर के लक्ष्मीगंज स्टेट बैंक गली निवासी महिला रंजना माहेश्वरी(63) पत्नी दिनेश चंद्र के कोरोना संक्रमित निकलने के बाद गंभीर हालत में मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। वहीं, ढोलना निवासी महिला विनीता (46) पत्नी चंद्र प्रकाश के कोरोना संक्रमित हो जाने के बाद परिजनों ने गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। चिकित्सकों के काफी प्रयास के बाद उनकी हालत नहीं सुधरी। सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
कोरोना संक्रमित व्यवसायी की मौत
सोरों। तीर्थनगरी के युवा व्यवसायी व पतंजलि स्टोर के संचालक विष्णु बौहरे (38) का कोरोना से निधन हो गया। उन्हें चार दिन पूर्व बुखार आया था। वह निजी चिकित्सक की सलाह से घर पर ही रहकर दवा का सेवन कर रहे थे। बुधवार को उन्होंने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना की जांच कराई। एंटीजन टेस्ट में कोरोना पॉजिटिव निकल आए। इसके बाद रात्रि में उन्हें सांस लेने में कठिनाई होने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए बरेली ले जा रहे थे। तभी रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। व्यापार मंडल व केमिस्ट एसोसिएशन ने युवा व्यवसायी के निधन पर दुख जताया है। इस दौरान अरविंद माहेश्वरी, पंकज पाराशर, विशोक अग्रवाल, राज तिवारी, अनुराग दीक्षित, रामगोविंद महेरे, विपिन महेरे, विकास तिवारी, योगेश शर्मा, राजीव साहू आदि ने अपनी शोक संवेदना प्रकट की।
जिला में कोरोना संक्रमित दो महिलाओं की मौत हुई है। इनमें से एक मौत मिशन अस्पताल में तथा दूसरी मौत जिला अस्पताल में हुई है। अभी कई मरीज गंभीर हालत में हैं। इनकी सेहत सुधारने के प्रयास किए जा रहे हैं। -डॉ. अनिल कुमार, सीएमओ।