कासगंज। जिले में सोमवार को कोरोना पॉजिटिव पांच लोगों की मौत हो गई। कोरोना महामारी से अब तक जिले में 126 मौतें हो चुकी हैं। लगातार हो रही मौतों से लोगों में डर है।
शहर की चित्र गुप्त कॉलोनी निवासी देवरिषी कोरोना संकमित थे। वह होम आइसोलेशन में चल रहे थे, लेकिन हालत बिगड़ने के बाद तीन दिन पहले उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, हालत में सुधार न होने के बाद उनको जिला अस्पताल से रेफर कर दिया गया। जब परिजन उनको इलाज के लिए दिल्ली लेकर जा रहे थे तभी रास्ते में मौत हो गई। वहीं सिढ़पुरा के नौगांव निवासी पन्नालाल (72) पुत्र सूबेदार की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सुबह उनकी मौत हो गई।
सिढ़पुरा के चंद्रपुर निवासी तुलाराम (65) पुत्र सुखपाल के कोरोना संक्रमित मिलने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उनकी उपचार के दौरान मौत हो गई। ढोलना के मोहम्मदपुर निवासी अर्जुन (61) पुत्र सुम्मेर सिह के कोरोना संक्रमित मिलने पर गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती किया गया जहां उनकी दोपहर में मृत्यु हो गई। शहर के मोहल्ला मोहन निवासी बाबूलाल (55) पुत्र पन्नालाल ने भी जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
कोरोना से जिला अस्पताल में चार मौतें हुई हैं। जबकि एक मरीज की बाहर ले जाते समय मौत की जानकारी मिली है। -डॉ. अनिल कुमार, सीएमओ।