कासगंज। कोतवाली क्षेत्र के गांव लुहर्रा में खेत पर गए सेना के जवान व उसके पिता पर दबंगों ने सरिया व लाठी-डंडों से हमला कर दिया। विवाद खेत की नींव लगाने पर हुआ था। 10 आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
क्षेत्र के गंगेश्वर कालोनी निवासी सुशील कुमार थल सेना में हैं। वह 28 मई को छुट्टी लेकर घर आया था। पिता सुरेंद्र चौहान गांव लुहर्रा में बाईपास मार्ग पर खेत की बाउंड्री लगवा रहे थे। गांव लुहर्रा निवासी रमेश, रतन, राकेश आदि लोगों ने नींव लगाने से उन्हें रोक दिया। उसका आरोप कि 6 जून की शाम करीब 6 बजे सुशील अपने पिता के साथ खेत पर गया था। इसी दौरान खेत पर रमेश, प्रदीप उर्फ भूरे, कुलदीप, राकेश, सर्वेश, विनय कुमार, सुषमा, राकेश व कुछ अज्ञात व्यक्ति बैठे हुए थे। आरोपियों ने सुशील व उसके पिता पर सरिया व लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। घटना की सूचना उन्होंने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मामले में आरोपियाें को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ आंचल चौहान ने बताया कि जमीन को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ है। आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच पड़ताल की जा रही है।