कासगंज। साल के पहले महीने में ही कासगंज जिले ने प्रदेशभर में शिकायत निस्तारण में बाजी मार दी है। शासन ने पुलिस और प्रशासन के अफसरों के कार्य की सराहना करते हुए उन्हें एक नंबर रैंकिंग में शामिल किया है। डीएम-एसपी को लोगों ने बधाई दी हैं। अधिकारियों ने भी अधीनस्थों की पीठ थपथपाई है। कहा कि टीम भावना से काम करने पर जिले को यह मुकाम मिला है।
कासगंज जिला प्रशासन ने शिकायत निस्तारण में पूरे प्रदेश में पहला स्थान पाया। मुख्यमंत्री पोर्टल, ऑनलाइन संदर्भ, डीएम एसपी संदर्भ, जनसेवा केंद्र, लोकवाणी पीजी पोर्टल, समाधान दिवस सहित अन्य पोर्टल पर तमाम शिकायतें प्राप्त हुईं। प्रशासन ने इन शिकायतों का तत्काल और समयबद्ध तरीके से निस्तारण किया। इसके अलावा पुलिस महकमे में भी अलग-अलग पोर्टल से आई शिकायतों को शत प्रतिशत निस्तारण किया गया। डीएम सीपी सिंह, एसपी सुशील घुले ने समय रहते शिकायतों के निस्तरण में रुचि दिखाई। अधीनस्थ अधिकारियों की टीम लगाकर शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण किया। पूरे प्रदेश में माह जनवरी में हुई शिकायतों के निस्तारण की जब प्रदेश सरकार ने रैंकिंग कराई तो पुलिस प्रशासन दोनों ही नंबर-1 पाए गए। प्रशासन ने भी शत प्रतिशत शिकायतें निस्तारित की और पुलिस ने भी सभी शिकायतें निपटाईं। इस पर शासन ने कासगंज जिले को प्रदेशभर में अव्वल मानते हुए नंबर-1 रैंक दी है।
आंकड़े की नजर से-
- 57 शिकायतें पुलिस महकमें को मिलीं सभी निस्तारित।
- 1162 शिकायतें सभी विभागों से संबंधित मिलीं, सभी निस्तारित।
- 95 अंक परीक्षण में शासन ने जिले को दिए जो पूर्णांक हैं।
टीम भावना से मिली सफलता
- टीम भावना के साथ सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने काम किया। इसी का नतीजा रहा कि साल के पहले महीने में ही जिले ने प्रथम रैंकिंग पाई है। हालांकि पिछले साल भी कई महीनों से शिकायत निस्तारण में जिला प्रथम स्थान पर आया। इसके लिए सभी अधिकारी कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
- सीपी सिंह, जिलाधिकारी।
इसी तरह भविष्य में भी करें काम
- लगातार कई महीनों से ऑनलाइन शिकायत निस्तारण में जिला पहले स्थान पर आ रहा है। अधीनस्थ अधिकारियों की मेहनत से यह सब संभव हो रहा है। अधीनस्थों को निर्देशित किया है कि भविष्य में भी इसी तरह का प्रयास करते रहें और जिले को प्रथम रैंकिंग में रखने की कोशिश करें।
- सुशील घुले, एसपी।
कासगंज फोटो एसपी सुशील घुले- फोटो : KASGANJ