कासगंज। गांव नगला पट्टी के पास रविवार की सुबह बाइक से टकराने के बाद ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार अलीगढ़ के 7 लोग घायल हो गए। वहीं बाइक सवार भी गंभीर घायल हुआ है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद अलीगढ़ के थाना बरला के गांव खरगूपुरा से रविवार की सुबह श्रद्धालु ऑटो में सवार होकर भोले बाबा के आश्रम थाना पटियाली के बहादुर नगर जा रहे थे। ढोलना मार्ग पर नगला पट्टी के पास सामने से आ रही बाइक ऑटो से टकरा गई। इससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टेंपो चालक नरेश (45) पुत्र रामपाल, रामदास (75) पुत्र झम्मन व पत्नी चमेली (60), शीला देवी (45) पत्नी रामस्वरूप, विमलेश (45) पत्नी आमेदर, नीलम (35) पत्नी शंभू , महेश (55) पुत्र रामस्वरूप निवासी खरगूपुरा थाना बरला जनपद अलीगढ़ घायल हो गए।
वहीं बाइक सवार आशुतोष पुत्र विश्वनाथ सिंह निवासी कमालपुर थाना सिढ़पुरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने ऑटो के नीचे दबे श्रद्धालुओं को बाहर निकाला। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टर ने नरेश और रामदास को हालत गंभीर होने पर अलीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस ने ऑटो व बाइक को कब्जे में ले लिया। सदर सीओ आंचल चौहान ने बताया कि सड़क हादसे में घायल हुए लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। दो गंभीर घायलों को रेफर किया गया है।