कासगंज। रेलवे की ओर से शमसाबाद रेलवे स्टेशन यार्ड से कायमगंज रेल स्टेशन के मध्य कराए जा रहे कार्य के चलते कासगंज-अनवरगंज एक्सप्रेस के समय में एक बार फिर से बदलाव किया गया है। यह ट्रेन 90 मिनट देरी से कासगंज जंक्शन से रवाना होगी।
गाड़ी संख्या 15040 कासगंज-कानपुर अनवरगंज एक्सप्रेस जंक्शन से सुबह 9:10 बजे रवाना होती है। शमसाबाद रेलवे स्टेशन यार्ड से कायमगंज रेल स्टेशन के मध्य इंजीनियरिंग कार्य कराने के लिए 9 सितंबर से 30 नवंबर तक प्रत्येक सोमवार, मंगलवार, बुधवार एवं गुरुवार को ट्रेन का समय कासगंज से 70 मिनट देरी से निधारित किया गया था। इसके बाद रेलवे ने 24 व 25 सितंबर को इस गाड़ी के संशोधित समय को निरस्त कर दिया था। अब रेलवे ने फिर से समय में बदलाव किया है। इसका समय 90 मिनट बदला गया है। यह ट्रेन अब सुबह 10:40 बजे रवाना होगी। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक इज्जतनगर संजीव शर्मा ने बताया कि निर्धारित तिथियों में ट्रेन का समय 90 मिनट परिवर्तित किया गया है।