आगरा। इंडियन प्रीमियर लीग में चेन्नई सुपर किंग्स के युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने अपने पदार्पण सत्र में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने नौ मैचों में 244 रन बनाकर टीम के लिए तीसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी का स्थान हासिल किया है। इस प्रदर्शन से उन्होंने बड़े मंच पर अपनी क्षमता साबित की है।
कार्तिक ने 134.07 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जिसमें 18 चौके और 14 छक्के शामिल हैं। सीएसके के बल्लेबाजों में संजू सैमसन पहले और ऋतुराज गायकवाड़ दूसरे स्थान पर हैं। सत्र की शुरुआत में कुछ मुकाबलों में उनका प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं था लेकिन बाद में उनमें निखार आया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ इकाना स्टेडियम में उन्होंने 42 गेंदों पर नाबाद 71 रन की पारी खेली। इससे राष्ट्रीय स्तर पर उनकी चर्चा तेज हो गई।
आगरा से मिली क्रिकेट को दिशा
कार्तिक शर्मा मूलरूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले हैं। उनके क्रिकेट कॅरिअर को दिशा आगरा में मिली। उन्होंने आगरा में कोच लोकेंद्र चाहर से क्रिकेट की बारीकियां सीखीं। क्रिकेट समीक्षक नरेंद्र शर्मा ने कार्तिक की बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और परिपक्वता की सराहना की।