आगरा। गुवाहाटी में सोमवार को आईपीएल मुकाबले में आगरा के लिए गर्व का पल रहा। 19 साल के कार्तिक शर्मा आगरा के पहले ऐसे खिलाड़ी बने जिन्हें फ्रेंचाइजी टीम ने अपने पहले ही मैच में प्लेइंग इलेवन में मौका दिया। चेन्नई सुपरकिंग्स की ओर से उन्होंने दबाव भरे मैच में 15 गेंदों पर एक छक्के की मदद से 18 रन बनाकर अपनी प्रतिभा दिखाई।
लो स्कोरिंग मैच में वह टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। वहीं राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए आगरा के विकेटकीपर बल्लेबाज ध्रुव जुरेल ने विकेट के पीछे शानदार प्रदर्शन कर दो कैच लपके और बल्लेबाजी में नौ गेंदों पर 18 रन की उपयोगी पारी खेली। कार्तिक शर्मा को इस सीजन चेन्नई सुपरकिंग्स ने 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा है। उन्होंने आगरा में कोच लोकेंद्र चाहर से प्रशिक्षण लिया है।
यह ऐतिहासिक पल
कार्तिक शर्मा का पहले ही मैच में प्लेइंग इलेवन में उतरना आगरा क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक पल है। इससे शहर के युवाओं को बड़ी प्रेरणा मिलेगी। - मुईन बाबू, सचिव सिटीजन क्रिकेट क्लब
दबाव में रन बनाना आसान नहीं
डेब्यू मैच में दबाव की स्थिति में रन बनाना आसान नहीं होता। कार्तिक ने मैच टेम्परामेंट दिखाया, जबकि ध्रुव जुरेल का प्रदर्शन लगातार स्थिर है। - नरेंद्र शर्मा, क्रिकेट समीक्षक